साधु बनकर महिलाओं को बनाते थे शिकार, 6 आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश में पांढुरना जिले के सौंसर में साधु का वेश धारण कर महिलाओं को ठगने और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए धर दबोचा है. पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को अपनी गिरफ्त में लिया है, जिनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह ग्राम उझैटा की है.आरोपी साधु का वेश बनाकर संतोष गुर्वे के घर के सामने पहुंचे थे. घर के बाहर साधु की आवाज सुनकर जब गृहस्वामी की महिला बाहर आई, तो आरोपियों ने उसकी बीमारी ठीक करने का झांसा दिया. इसके कुछ दिन पहले बीमारी ठीक करने के नाम पर 5,000 रुपए भी ले चुके थे. कुछ देर बाद दो अन्य बाबा भी वहां पहुंच गए.
यह भी पढ़ें: मछली बनाने की जिद में खूनी खेल, बेटे ने चाकू से गोदकर पिता की हत्या की
आरोपियों ने महिला को अपने पास बैठाकर चेहरे और सिर पर कोई पाउडर लगाया, जिससे महिला कुछ समय के लिए सुबध हो गई. इसके बाद आरोपियों ने महिला का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और वहां से फरार हो गए. होश आने पर महिला ने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
गांव के ही कुछ अन्य लोगों ने पूछताछ में बताया कि इन आरोपियों ने गांव के अन्य लोगों को भी इसी प्रकार झांसे में लेकर पैसे ठगे थे. जब ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी, तो युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों की कार का पीछा किया और पुलिस को लगातार अपडेट देते रहे. सूचना मिलते ही पुलिस ने कुड्डम जोड़ पर नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया. आरोपी वहां से भागने में सफल रहे, लेकिन नागपुर मार्ग स्थित औद्योगिक चौराहे के पास पुलिस ने पुनः घेराबंदी कर आरोपियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 123, 310 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में रामकेश गिरि (45 वर्ष) निवासी समरवाड़ा, विकास गोस्वामी (25 वर्ष) निवासी सतना, श्याम सरवा (उर्फ श्याम सबरवाल), गोरख प्रसाद गोस्वामी (52 वर्ष) निवासी सरबा, बल्लू उर्फ श्याम सरबा तथा एक नाबालिग कार चालक शामिल है.
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसआई प्रहलाद बैरागी, एसआई नृसिंह भलावी, प्रधान आरक्षक बृजकिशोर मालवीय, रामभरोड ढोहरे, आरक्षक कमलनाथ पवार, अखिलेश हिंगवे, लोधीखेड़ा एसआई मोहन पवार और आरक्षक गौतम शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: स्वच्छता सर्वेक्षण में सागर का जलवा, देशभर में हासिल किया तीसरा स्थान

