शीतकाल सत्र में सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी, जयराम बोले- इस सरकार का होगा आखिरी सत्र
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में 16 से 21 दिसंबर तक होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र वर्तमान कांग्रेस सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र होगा. भाजपा ने सत्र के लिए पूरी तैयारी कर ली है और पार्टी विधायक सरकार को घेरने के लिए विभिन्न मुद्दों पर नोटिस और प्रश्न तैयार कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले चार वर्षों में सरकार के कामकाज से निराश है. हिमाचल आर्थिक और प्रशासनिक संकट से गुजर रहा है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है.
जयराम ठाकुर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार और प्रचलन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री केवल राजनीतिक वॉकथॉन निकालकर इस समस्या के समाधान का दावा कर रहे हैं. मंडी की वॉकथोन में अनिल शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री के स्वागत के सवाल पर उन्होंने कहा कि नशे जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है. इसमें सबको एक साथ काम करने की जरूरत है.
संपत्तियों को PPP मोड पर दिए जाने पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि जिन संपत्तियों को पीपीपी मोड पर देने की बात कही जा रही है, उसके लिए क्या मॉडल और शर्तें तय की गई हैं. पीपीपी मोड के नाम पर किस तरह की प्रक्रिया अपनाई जा रही है और इसकी औपचारिकताएं क्या हैं, यह प्रदेश की जनता को बताया जाना चाहिए. सरकार इन जानकारियों को छिपा क्यों रही है? भाजपा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेगी.
हिमाचल में BJP को झटका, रामपुर के पूर्व विधायक सिंघी राम ने दिया इस्तीफा
‘गरीबों पर टैक्स और महंगाई का बोझ’
स्टाम्प पेपर की कीमत 100 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किए जाने पर भी जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब और आम लोगों पर कई तरह के सेस, टैक्स और वित्तीय बोझ डाल दिए हैं, जिससे उनका जीना मुश्किल हो गया है. पानी, बिजली सहित लगभग हर क्षेत्र में दरें बढ़ाई गई हैं. आर्थिक संकट से जूझ रहे प्रदेश में सरकार के इन फैसलों ने आम आदमी की परेशानियां और बढ़ा दी हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक संकट का हवाला देती है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. सरकार को ऐसे फैसले लेने से बचना चाहिए जिनका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ता है.
सरकार के जश्न पर भी कसा तंज
कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव की आहट भी सुनाई देने लगी है. ऐसे में सरकार को जश्न मनाने से परहेज करना चाहिए.
मंडी की सभी 10 सीटों पर BJP की जीत का दावा
मंडी की राजनीतिक परिस्थितियों और मुख्यमंत्री की ओर से मुद्दों को जटिल बनाने के प्रयासों पर जयराम ठाकुर ने कहा कि इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं है. मंडी की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में सभी दस सीटें भाजपा को देगी. उन्होंने कहा कि भाजपा नेता किसी दबाव में नहीं हैं, बल्कि पूरी तरह मस्त हैं और अब कांग्रेस सरकार के जाने का समय आ गया है. पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की अच्छी विदाई होगी.
‘सुंदर ठाकुर मंत्री न बनाए जाने से नाराज नहीं भयंकर नाराज हैं’
कुल्लू के कांग्रेस के विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री न बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुंदर ठाकुर को नाराज नहीं भयंकर नाराज होना चाहिए. पिछले डेढ़ साल से उनकी उपेक्षा की जा रही है, जो कुल्लू की जनता के आत्मसम्मान और भावनाओं का अपमान है. जब उनसे पूछा गया कि क्या कुछ नेता उनके संपर्क में हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बहुत से लोग संपर्क में हैं.
वहीं, नन्द लाल के निधन से खाली हुई रामपुर सीट पर उप चुनाव को लेकर कहा कि परिवार अभी शोक में है, इस समय राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. चुनाव आयोग की ओर से चुनाव की तारीखें तय किए जाने और पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर अंतिम प्रतिक्रिया पार्टी अध्यक्ष की ओर से आने की बात भी कही.
हिमाचल में बर्फबारी का दौर शुरू, दारचा-लेह हाईवे पर आवाजाही बंद

