छतरपुर में तनाव! धीरेंद्र शास्त्री और यादव महासभा के समर्थक आमने-सामने, पुलिस बल तैनात


छतरपुर में शुक्रवार (13 नवंबर) को तनाव का माहौल बन गया. बागेश्वर धाम में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए जा रहे यादव महासभा के समर्थकों को पुलिस और प्रशासन ने रास्ते में ही रोक लिया. इस कार्रवाई के विरोध में छतरपुर रेलवे स्टेशन पर यादव महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सभा की. सभा संपन्न होने के बाद जैसे ही समर्थक आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बसों में बैठा दिया.

यादव महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने आरोप लगाया कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के सम्मान और मातृशक्ति के समर्थन में बागेश्वर धाम जा रहे भक्तों को प्रशासन ने जगह-जगह रोक दिया. पन्ना नाके सहित छतरपुर के विभिन्न चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर हजारों समर्थकों को आगे बढ़ने से रोका गया और वापस भेज दिया गया. 

400 से 500 लोगों को हिरासत में लिया गया

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान करीब 400 से 500 लोगों को हिरासत में लिया गया. जगदीश यादव ने कहा कि भगवान राम और कृष्ण के सम्मान से जुड़ा यह विरोध आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान के खिलाफ टिप्पणी करने वालों के विरोध में उनका आंदोलन जारी रहेगा. साथ ही उन्होंने पत्रकारों से भी इस लड़ाई में सहयोग करने की अपील की.

यादव महासभा ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल

वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई. बैरिकेड्स तोड़ने के आरोपों को खारिज करते हुए बताया गया कि प्रदर्शनकारी जब वहां से निकल रहे थे, उसी दौरान बैरिकेड्स गिर गए थे, उन्हें जानबूझकर नहीं तोड़ा गया. फिलहाल बागेश्वर धाम जाने से रोके जाने और समर्थकों की हिरासत को लेकर यादव महासभा ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर से कहा है कि भगवान राम और कृष्ण के सम्मान और मातृशक्ति के समर्थन में उनका विरोध जारी रहेगा.

लाठी-डंडे लेकर पहुंचे बागेश्वर धाम शिष्य मंडल के लोग

यादव महासभा की ओर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान के विरोध में आयोजित सभा और विरोध प्रदर्शन से पहले छतरपुर में माहौल तनावपूर्ण हो गया. बागेश्वर धाम के शिष्य मंडल और सनातन एकता समिति के हजारों लोग लाठी-डंडे लेकर जय जय श्री राम के नारों के साथ छतरपुर पहुंचे और यादव महासभा के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने लगे. इसको लेकर उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई. 

कानून हाथ में लेने पर होगी कार्रवाई- पुलिस

फिलहाल पुलिस ने उन्हें मौके पर जाने से रोक दिया, ताकि दोनों पक्ष आमने-सामने ना आ सकें और शांति व्यवस्था बनी रहे. पुलिस ने स्पष्ट तौर से कहा है कि विरोध का अधिकार सबका है, लेकिन वो संवैधानिक और वैधानिक तरीके से और अनुमति के बाद ही होना चाहिए. किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

साधु बनकर महिलाओं को बनाते थे शिकार, 6 आरोपी गिरफ्तार



Source link

Please follow and like us:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हिंदी भाषा चुनें »
error

Follow Us On